गोंडा के बीएचडी इंटर कॉलेज धानेपुर में आयोजित राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में भिड़ते पहलवान। -
- फोटो : GONDA
धानेपुर (गोंडा)। राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में रविवार को राजस्थान और गोंडा के पहलवानों के बीच जबरदस्त मुकाबला हुआ। जिसमें गोंडा के पहलवान ने राजस्थान के पहलवान को पटकनी देते हुए जीत का परचम लहराया।
दो दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ धानेपुर प्रधान प्रतिनिधि शाहिद अली ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर किया। पहला मुकाबला सोनी पहलवान हरियाणा व धानेपुर के वाहिद के बीच हुआ। जिसमें हरियाणा के पहलवान ने बाजी मारी। इसके बाद शेरू पहलवान राजस्थान व नागेंद्र दास बाबा अयोध्या के बीच बड़ा रोमांचक मुकाबला हुआ। जिसमें बाबा ने राजस्थान के पहलवान को धोबी पछाड़ व कैंची दांव चलकर पटकनी दी, और जीत का परचम लहराया।
नागेंद्र दास बाबा के पटखनी देते ही वहां पर मौजूद सैकड़ों दर्शकों ने अखाड़े में पहुंच कर गोद में उठा लिया। इसके बाद रणजीत पहलवान हरियाणा व मनजीत सिंह पहलवान के बीच मुकाबला हुआ। जिसमें मनजीत सिंह ने रणजीत को हरा दिया। इसके बाद गूंगा पहलवान व शेरू पहलवान के बीच 10 मिनट का कड़ा मुकाबला हुआ। जिसमें गूंगा पहलवान ने शेरू पहलवान को पटकनी देते हुए विजय प्राप्त की।
राजस्थान के पहलवान भीम सिंह ने गोंडा के पहलवान को चैलेंज किया। इसके बाद गोंडा के पहलवान पंडित दिग्विजय तिवारी ने राजस्थान के पहलवान को हराते हुए जीत का परचम लहराया। अंत में एक बार फिर अयोध्या के बाबा नागेंद्र दास और भूकंप सिंह राजस्थानी के बीच मुकाबला हुआ जो काफी रोमांचक रहा। आयोजक दिग्विजय तिवारी ने बताया कि सोमवार को महिला पहलवानों के बीच कुश्ती कराई जाएगी।