फोटो-24 गोंडा में खाद्य पदार्थों का जांचकर नमूना लेते अधिकारी। -संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। दीपावली को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को मिलावट खोरों के खिलाफ अभियान चलाया गया। मंगलवार को टीमों ने शहर के विभिन्न स्थानों पर छापा मारकर खाद्य पदार्थों के नमूने भरे। टीमों ने मिलावटी प्रतीत होने पर आइसक्रीम, दूध व चाय पत्ती को नष्ट कराया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हितेंद्र मोहन की अगुवाई में टीमों ने बहराइच रोड, गुड्डूमल चौराहा, सिविल लाइन व खोरहंसा बाजार में जाकर लोगों को जागरूक किया तथा मिलावटी खाद्य सामानों को नष्ट कराया। अभिहीत अधिकारी विनय सहाय ने बताया कि बहराइच रोड स्थित एक दुकान पर दूध का नमूना, गुड्डूमल चौराहे से आइसक्रीम का नमूना, खोरहंसा बाजार से सोहन पापड़ी का नमूना, डुमरियाडीह से ड्राई फ्रूट तथा सिविल लाइन से दूध का नमूना भरा गया है।
शिकायत मिलने पर विभिन्न स्थानों से तीन गत्ता आइसक्रीम, 45 लीटर दूध तथा तीन पैकेट चाय की पत्ती नष्ट कराई गई है। दुकानदारों तथा उपभोक्ताओं को शुद्ध खाद्य पदार्थ बेचने तथा खरीदने के लिए जागरूक किया गया। वहीं, झूलेलाल धर्मशाला में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने व्यापार संघों तथा खुदरा कारोबारियों के साथ बैठक की।