करनैलगंज (गोंडा)। जनता की समस्या के त्वरित निस्तारण के लिए थाना समाधान दिवस की व्यवस्था है। इसके बावजूद कार्रवाई में लापरवाही बरती जा रही है। हाल ये है कि पूर्व सैनिक की जमीन भी महफूज नहीं है। कोतवाली व तहसील में सुनी नहीं जा रही। ऐसे में उन्हें अधिकारियों की परिक्रमा करनी पड़ रही है।
शनिवार को थाना दिवस समाधान के दौरान कोतवाली करनैलगंज में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज शिकायतें सुन रहे थे। ग्राम परसा गोंडरी गुरु पुरवा निवासी पूर्व सैनिक छोटेलाल ओझा ने बताया कि उसका पुत्र भी सेना में है। बैनामा की भूमि पर गांव के कुछ दबंग निर्माण नहीं करने दे रहे हैं। कोतवाली, पुलिस चौकी व तहसील में शिकायत की गई, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्राम बुढ़वलिया निवासी अजय कुमार गौतम ने बताया कि सरकारी स्कूल की भूमि पर गांव के आधा दर्जन लोगों ने कब्जा कर लिया है। लगातार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही। तहसीलदार ने राजस्व निरीक्षक व लेखपाल को भूमि चिह्नित कर खाली कराने के निर्देश दिए हैं। सरदार कुलजीत सिंह निवासी बंथरा बाजार लखनऊ ने समाधान दिवस में शिकायत की, उनकी पैतृक भूमि करनैलगंज नगर में स्थित है। दबंगों ने कब्जा कर लिया है। उसने जमीन खाली कराने का प्रयास किया तो दबंगों ने उसे मारने के लिए दौड़ा लिया।
ग्राम कुंवरपुर अमराहा निवासी भगवान प्रसाद ने शिकायत किया कि गांव के चक मार्ग की भूमि की पैमाइश के बाद भी दबंग चक मार्ग को जोतकर अपने खेत में मिला रहे हैं। पांच बार शिकायत कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्राम सकरौरा ग्रामीण निवासी संतोष कुमार ने बताया कि उसकी भूमि पर जबरन छप्पर रखकर कब्जा किया जा रहा है जिसे रोका जाना आवश्यक है। यहां कुल 19 शिकायतें आईं।
198 पर सिर्फ 26 मामलों का किया निस्तारण
पुलिस विभाग से संबंधित एक शिकायत का निस्तारण मौके पर किया गया। अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, आबादी की भूमि, अवैध कब्जे से संबंधित रही है। जिले 17 थानों में कुल 198 शिकायतें आई। इनमें से 26 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसीलदार एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने मौके पर राजस्व निरीक्षक, लेखपाल एवं पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए।