परसपुर (गोंडा)। चार दिन पूर्व सीएचसी में घुस कर इमरजेंसी ड्यूटी के दौरान रात में एक डॉक्टर से अभद्रता करने का मामला अब तूल पकड़ रहा है। मंगलवार को प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के अध्यक्ष अपर मुख्य चिकित्साधिकारी सहित कई पदाधिकारी सीएचसी पहुंचे और बैठक कर आश्वासन दिया कि अति शीघ्र ही आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. लोकेश शुक्ला ने बताया कि 9 दिसंबर को इमरजेंसी ड्यूटी के दौरान रात में सीएचसी में कुछ अराजक तत्वों ने मेडिकल आफिसर डॉ रविंद्र कुमार के साथ अभद्रता की थी। इसकी सूचना पर यहां पहुंचे संघ के अध्यक्ष अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ एपी सिंह ने अधिकारी, कर्मचारियों के साथ बैठक की।
बैठक में डॉ एपी सिंह ने कहा कि कुछ लोगों की मानसिकता होती है कि अस्पताल पहुंच भय का माहौल पैदा किया जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ प्रशासन की मदद लेते हुए वैधानिक कार्रवाई करवा कर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। बैठक में महामंत्री डॉ एसपी वर्मा, डॉ दीपक, डॉ रविन्द्र कुमार, प्रयोगशाला सहायक संघ के महामंत्री अरुण कुमार सिंह, संगठन मंत्री शैलेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।