गोंडा। जिले में डेंगू का प्रकोप गहराता जा रहा है, संक्रमितों की संख्या बढ़ने के साथ लोगों को जान गवांनी पर रही है। मगर स्वास्थ्य विभाग कागजों में डेंगू से किसी भी मौत की पुष्टि नहीं कर रहा है। मंगलवार को जिले में दो डेंगू के मरीज मिलने की पुष्टि हुई।
बता दें कि स्वास्थ्य विभाग की टीम डेंगू से मरने वालों का घर तक नहीं खोज पा रही है। दो नए मरीज मिलने के साथ ही डेंगू संक्रमितों की संख्या बढ़कर 121 हो गई। वहीं, कोरोना के सात नए मामले सामने आने से सक्रिय कोरोना संक्रमितों की संख्या 13 पहुंच गई है। सोमवार को जिले में डेंगू से दो लोगों की मौत का मामला सामने आने पर स्वास्थ्य महकमा जागा, लेकिन डेंगू से मरने वालों का घर तक नहीं पता चल पाया। टीम को लौटना पड़ा।
एसीएमओ डॉ. एपी सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य टीमें गांव में गई थीं, लेकिन डेंगू से मरने वालों का घर नहीं पता चला। वहीं, डेंगू से पीड़ित निजी अस्पतालों में इलाज करवा रहे मरीजों की जानकारी भी स्वास्थ्य महकमा को नहीं है।