गोंडा रेलवे स्टेशन से नदारद स्वास्थ्य टीम। -संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। कोरोना संक्रमण को लेकर जारी एडवाजरी के बाद स्वास्थ्य महकमा अलर्ट मोड पर आ गया है। इसके चलते संक्रमण की रोकथाम के लिए कोरोना से बचाव के जरूरी प्रोटोकाल के साथ जिले में बाहर से आने वालों की कोरोना जांच भी होगी। ऐसे लोगों को सात दिन होम आइसोलेशन के नियम का पालन भी करना होगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों व सार्वजनिक स्थलों पर शिविर का आयोजन कर हर दिन दो हजार लोगों की कोरोना जांच भी होगी। निगरानी के लिए पूर्व में गठित 1214 समितियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी तरह सक्रिय रहने का निर्देश भी दिया गया है। यह जानकारी प्रभारी सीएमओ डॉ. एपी सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि कई प्रदेशों में कोविड के बढ़ रहे मामलों को देखते हुए जिले में एंटीजन व आरटीपीसीआर टेस्ट बढ़ा दिए गए हैं। अब हर रोज अस्पतालों व सार्वजनिक स्थलों पर शिविर लगाकर दो हजार लोगों की कोरोना जांच भी होगी। साथ ही जिला अस्पताल सहित अन्य सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर भी सभी जरूरी दवाओं के साथ ही कोरोना से बचाव में इस्तेमाल होने वाले संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित रखने को भी निर्देशित किया गया है। इसके साथ ही कोविड के इलाज के लिए तैयार 200 बेड वाले अस्पताल को भी पूरी तरह चाक चौबंद बनाया जा रहा है।
पहले की तरह पहनने मास्क, बरते सावधानी
प्रभारी सीएमओ ने बताया कि कोविड के प्रसार को रोकने के लिए जारी प्रोटोकाल के तहत ही सभी को कोविड संक्रमण से बचाव के लिए पूरी सतर्कता बरतने को कहा गया है। इसके तहत लोगों को पहले की तरह खुद के स्तर पर सावधानी बरतने के साथ ही वैक्सीन की जरूरी डोज लगवाने के लिए जागरूक बनाया जाएगा। साथ ही सभी को प्रेरित किया जाएगा कि वह घर से बाहर निकलते समय सोशल डिस्टेसिंग के साथ ही मॉस्क पहनने की अनिवार्यता का पालन खुद के साथ ही दूसरों से भी कराए। सर्दी खांसी व बुखार से पीड़ित लोगों से भी अपील की जाएगी कि वह शिविर में पहुंच कर अपनी कोरोना जांच अवश्य कराए।
1214 निगरानी समितियां सक्रिय
कोरोना संक्रमण के प्रकोप से निबटने के लिए सभी ग्राम पंचायतों में पूर्व में गठित निगरानी समितियों को पुन: सक्रिय करते हुए सतर्कता बरतने को कहा गया है। निगरानी समिति के सदस्य गांवों में सर्दी, जुकाम, बुखार व अन्य कोरोना लक्षण वाले मरीजों की सूची बनाकर स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर देंगे। साथ ही वह जिले के बाहर से आने वाले प्रवासियों पर भी नजर रखते हुए उनकी कोरोना जांच करवाने के साथ ही सात दिन होम आइसोलेशन के नियमों का पालन भी पूरी सख्ती के साथ सुनिश्चित कराएंगे।