गोंडा में कोहरे में गुजरते वाहन।-संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। सर्द हवाओं के साथ गलन भरी ठंड से बुधवार को लोग ठिठुरते नजर आए। सुबह नौ बजे तक कोहरा छाया रहा। बुधवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा।
सुबह ठंडी हवाओं के चलने से गलन बढ़ती गई। दोपहर बाद धूप तो निकली, लेकिन लोगों को उससे राहत नहीं मिली। पूरे दिन सर्द हवाओं के चलने से गलन रही। सुबह बाजार में चहल-पहल देर से हुई। दिन ढलते ही ठंड बढ़ गई। बाजार में सन्नाटा छा गया। पूरे दिन लोग अलाव ढूंढते रहे। पालिका प्रशासन ने शहर के प्रमुख चौराहों पर अलाव तो जलवाया। मगर वह नाकाफी साबित हो रहा है।
कोहरे के प्रकोप से ट्रेनों का संचालन बेपटरी
बुधवार को कई ट्रेनें अपने नियत समय से एक से लेकर 11 घंटा तक विलंब से चलीं। अपसाइड की गोरखपुर से वाया बस्ती होकर लखनऊ जाने वाली इंटर सिटी एक्सप्रेस एक घंटा, सिकंदराबाद एक्सप्रेस एक घंटा, आम्रपाली एक्सप्रेस तीन घंटा, डाउन साइड की न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस ट्रेन तीन घंटा, भटिंडा से गोरखपुर के बीच चलने वाली गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन एक घंटा, ग्वालियर बरौनी मेल तीन घंटा, गोरखपुर राप्ती गंगा एक्सप्रेस पांच घंटा, छत्रपति शिवाजी टर्मिनल से गोरखपुर जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस एक घंटा, गोरखपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस चार घंटा, भागलपुर अमरनाथ एक्सप्रेस पांच घंटा, वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस 11 घंटा विलंब से चली।