गोंडा में जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड के सामने खिड़की पर पर्दा लगाता स्वास्थ्यकर्मी। -
- फोटो : GONDA
गोंडा। जिला अस्पताल प्रशासन ने भर्ती मरीजों व तीमारदारों को ठंड से बचाने की कवायद शुरू की है। अस्पताल में ठंड से बचाव के इंतजाम न होने के मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद चेते अस्पताल प्रबंधन ने परिसर स्थित रैन बसेरा का ताला खोलने के साथ ही भर्ती मरीजों को भी मोटे गर्म कंबल मुहैया कराए हैं। दिए गए।
शुक्रवार को अस्पताल के वार्डों में भर्ती मरीजों के बेड पर लाल रंग के हल्के कंबल की जगह, भूरे रंग के मोटे गर्म कंबल रखे मिले। इतना ही नहीं तीमारदारों के लिए बने जिस रैन बसेरा में ताला पड़ा था, उसे भी खोलकर साफ सुथरा बना दिया गया। साथ ही वार्ड में खिड़कियों में टूटे कांच बदलवाने के साथ पर्दे और चिल्ड्रेन वार्ड में हीटर भी लगवा दिया गया। तीमारदार संगीता देवी ने ठंड से बचाव के लिए अचानक दुरुस्त हुई इस व्यवस्था पर खुशी जताते हुए इसके लिए अमर उजाला को धन्यवाद दिया। बताया कि आज सबको मोटा कंबल मिला है।
जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. पीडी गुप्ता ने बताया कि नर्सिंग अधीक्षक व सभी मेडिकल स्टाफ को सख्त हिदायत दी गई है कि मरीजों को ठंड से बचाने के लिए कंबल देेने में कोताही न बरतें।
जिला अस्पताल में भर्ती मरीज ने तोड़ा दम
जिला अस्पताल में हर रोज सांस मरीजों की सांस थमने का सिलसिला जारी है। भीषण ठंड अस्थमा व हृदय रोगियों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। शुक्रवार को मोतीगंज निवासी सरोजनी देवी (60) को सांस लेने में हो रही तकलीफ के बाद अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान देर शाम उनकी मौत हो गई। अस्पताल के इमरजेंसी में सांस व हृदय रोग संबंधी 45 मरीजों का इलाज चल रहा है।