वजीरगंज (गोंडा)। स्थानीय विकास खंड के सभागार में गुरुवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक आयोजित की गई। वित्तीय वर्ष 2023-2024 के लिए 75 ग्राम पंचायतों की 20 करोड़ 23 लाख रुपयों की कार्य योजना को मंजूरी दी गई। बैठक के मुख्य अतिथि सांसद कैसरगंज बृजभूषण शरण सिंह रहे। बैठक में पिछली कार्यवाही की भी पुष्टि की गई।
वित्तीय वर्ष 2022-23 में मनरेगा पंचम राज्य वित्त एवं पन्द्रहवां वित्त के अंतर्गत क्षेत्र पंचायत व ग्राम पंचायतों की ओर से कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। ग्राम पंचायतों की वार्षिक कार्य योजना के अनुमोदन पर विचार किया गया। क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, एनआरएलएम योजना, पेंशन योजना, खाद्यान्न वितरण, गोवंश संरक्षण का प्रस्ताव रखा।
जिस पर 20 करोड़ 23 लाख रुपये की कार्य योजना को मंजूरी दी गई। बैठक को सांसद बृजभूषण शरण सिंह, पूर्व राज्य मंत्री राम बहादुर सिंह, बीडीओ विजय कांत मिश्र, एडीओ पंचायत केके तिवारी ने भी संबोधित किया।
बैठक में तमाम ग्राम पंचायतों में सफाई कर्मियों की नियुक्ति न होने व सचिवों के गांवों में न जाने का मुद्दा जोर-शोर से उठा। बैठक के बाद स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को शाल भेंट किया गया। बैठक में ब्लाक प्रमुख अनीता यादव, पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत बृज किशोर भारती, ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि पंकज सिंह, पशु चिकित्सक डॉ. वीबी वर्मा समेत कई गांवों के ग्राम प्रधान, सदस्य क्षेत्र पंचायत व सचिव उपस्थित रहे।