दुबहा बाजार (गोंडा)। कटरा बाजार विकासखंड के बौनापुर गांव में एक पागल सियार के काटने से घायल दो ग्रामीण और चार मवेेशियों की मौत हो चुकी है। जबकि, 11 लोग उसके हमले में घायल हो गए हैं। सियार के काटने से दोनों में अजीब तरह के झटके आने लगे थे। उक्त व्यक्ति को केजीएमयू लखनऊ में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने रैबीज से संक्रमित होने की बात कही। उसको घर लाने के दौरान 18 अक्तूबर व एक युवक की जिला अस्पताल से लखनऊ ले जाते समय गुरुवार को रास्ते में मौत हो गई।
कटरा बाजार ब्लॉक के ग्राम पंचायत बौनापुर में 20 दिनों से एक पागल सियार ने पूरे गांव में आतंक मचा रखा है। पहली अक्तूबर को एक ही दिन में सियार ने 11 लोगों व पांच मवेशियों को काट लिया। सियार के काटे जाने पर लोगों ने एंटी रैबीज के इंजेक्शन लगवाए। बावजूद इसके पदुमनाथ (60) की बीमारी बढ़ती गई। मंगलवार को केजीएमयू लखनऊ में भर्ती कराया गया। मरीज के रिश्तेदार भवानीभीख शुक्ल ने बताया कि डॉक्टर ने रैबीज फैलने की बात कहकर वापस कर दिया। घर लाते समय रास्ते में मौत हो गई।
वहीं, सियार के हमले से घायल रामबाबू (37) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तबियत बिगड़ने पर गुरुवार लखनऊ रेफर कर दिया गया। जहां रास्ते में युवक की मौत हो गई। वहीं तीन भैंसें व एक बछड़े की मौत विगत रविवार को हुई।
इन लोगों पर किया हमला
पहली अक्तूबर को पागल सियार ने बौनापुर के श्रवण कुमार (16) ,पाटेश्वरी प्रसाद (55), रामकृपाल (52), जनक दुलारी (50), संतोष कुमार (26), विमल (16) देवनाथ (17) ,वैष्णवी (07) ,रोशनी (18) को भी काटा। हालांकि इन सभी लोगों की तबियत ठीक बताई जा रही है।
गांव में टीमें भेजी जाएंगी
सीएचसी के बौनापुर गांव में सियार काटने की बात सामने आई थी, सभी लोगों को एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगवा दिया गया है। गांव में टीमें भेजी जाएंगी, हालांकि अभी ये नहीं कहा जा सकता की दो लोगों की मौत रैबीज के कारण ही हुई है।
डॉ. अमित कुमार, सीएचसी अधीक्षक कटरा बाजार