गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र में कचहरी स्टेशन के पास बृहस्पतिवार शाम ट्रक ने चार छात्राओं को ठोकर मार दी। इसमें एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य जख्मी हो गईं।
शहर के गायत्रीपुरम मोहल्ले के रहने वाले कपिल देव के मुताबिक बृहस्पतिवार शाम उनकी तीन बेटियां सुचित्रा, आंचल व काजल और भांजी राजकुमारी कचहरी रेलवे स्टेशन के मार्ग से होते हुए घर लौट रही थीं। तभी बाबा सदरूद्दीन मजार के समीप बेकाबू ट्रक ने चारों को पीछे से ठोकर मार दी। हादसे में राजकुमारी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सुचित्रा, आंचल व काजल मामूली रूप से जख्मी हो गईं। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले में कपिल देव ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जख्मी तीनों छात्राओं को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।