मोतीगंज/गोंडा। जिले में बने 46 मॉडल अन्नपूर्णा भंडार का उद्घाटन शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वर्चुअल माध्यम से किया।
झंझरी विकासखंड के रामनगर तरहर ग्राम पंचायत में जिलाधिकारी नेहा शर्मा की अगुवाई में कार्यक्रम का आयोजन कर लोगों को लाइव प्रसारण दिखाया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र ने भंडार का शुभारंभ किया।
जिले में 80 मॉडल अन्नपूर्णा भंडार का निर्माण कराया जाना है। जिसमें तीन करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से 46 भंडार का निर्माण पूरा हो गया है।
शनिवार को सीएम के उद्घाटन के बाद ई-वेइंग मशीन से तौल की शुरुआत की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि अब कोटेदारों को ई-वेइंग मशीन से राशन वितरण करना होगा।
इससे घटतौली की शिकायत नहीं मिलेगी। मशीन से उतना ही राशन तौला जा सकेगा। कार्ड में जितना यूनिट फीड होगा। जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र ने कहा कि पहले कोटेदारों के घर पर बैठने की व्यवस्था नहीं होती थी। अब बड़े गोदाम में लाभार्थियों को बैठने की उचित व्यवस्था होगी। पेयजल व शौचालय की व्यवस्था मिल सकेगी।
जिला पूर्ति अधिकारी कृष्णगोपाल पांडेय ने बताया कि मार्च महीने में नई मशीन से अनाज वितरण होगा। इसके लिए 1391 दुकानों पर मशीनें इंस्टॉल की गई है।
कोटेदारों को प्रशिक्षण दिलवाकर पारदर्शी वितरण की व्यवस्था की जाएगी। सीडीओ एम. अरुन्मोली, चंद्रशेखर, जनार्दन प्रसाद, सतीश त्रिपाठी, बालेश्वर मणि त्रिपाठी, दीपक श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान कमला देवी सहित अन्य मौजूद रहे।