खरगूपुर में अभिभावकों को जागरूक करते राष्ट्रीय छात्र पंचायत के अध्यक्ष व अन्य। स्रोत: संगठन
गोंडा। निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ राष्ट्रीय छात्र पंचायत की ओर से निकाली जा रही शिक्षा सत्याग्रह जन अधिकार यात्रा रविवार को खरगूपुर क्षेत्र के तेंदुआ चौखड़िया, चौहट्टा व भगवानदीन पुरवा पहुंची। इस दौरान विद्यार्थियों की टोली ने गांवों में जाकर अभिभावकों को जागरूक किया और निजी स्कूलों की बढ़ती फीस व किताबों की अनियमितताओं के खिलाफ समर्थन जुटाया। अभिभावकों से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन पर हस्ताक्षर भी कराए गए। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पांडेय ने कहा कि निजी स्कूलों की ओर से फीस और किताबों को लेकर बनाए गए सिंडिकेट पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई हर बच्चे के शिक्षा के अधिकार की है, जिसके लिए गांव-गांव जाकर जनसमर्थन जुटाया जा रहा है। हजारों अभिभावकों के हस्ताक्षर के साथ ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा। इस दौरान सूरज शुक्ल, रुद्रांश, रिजवान, शुभम, शहजाद, आकाश सहित अन्य मौजूद रहे। (संवाद)