गोंडा। नवाबगंज में बीते 14 फरवरी की रात युवक की गोली मारकर हत्या करने के चार आरोपियों के खिलाफ जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के कटरा भोगचंद के टेढ़ी पुलिया निवासी ओमप्रकाश (22) अपने चचेरे भाई राहुल यादव के साथ 14 फरवरी की रात में गेहूं की फसल की रखवाली के लिए खेत गया था। जहां पर पहले से मौजूद चार लोगों ने तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। ओमप्रकाश के चचेरे भाई विष्णु यादव की तहरीर पर पुलिस ने गांव निवासी सालिकराम यादव, चंद्रेश यादव, मुलायम तथा दुर्गागंज माझा निवासी नन्हे उर्फ राजमन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पांडेय ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट के अनुमोदन पर हत्या के चारों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।