गोंडा। वर्ष 2024 में अब तक गैंगस्टर एक्ट के तहत 80 अभियुक्तों के विरुद्ध 22 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। कुल 57 नए अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। गैंगस्टर एक्ट के तीन प्रकरणों में अपराध से अर्जित की गयी 70 लाख 83 हजार 729 रुपये की संपत्ति जब्त की गयी है। यह बात मंगलवार को कैंप कार्यालय में समीक्षा बैठक में एसपी विनीत जायसवाल ने कही। एसपी ने बताया कि सावन के महीने में मंदिरों में भीड़ हो रही है। ऐसे में पुलिसकर्मी सतर्क दृष्टि रखें। यातयात व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखें। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिग के माध्यम से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। लंबित अभियोगों की विवेचना, लंबित जांच प्रार्थना पत्रों व लंबित प्रारंभिक जांच आदि की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विवेचनाओं के लंबित होने का कारण स्पष्ट करने को कहा। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत, सीओ सदर शिल्पा वर्मा, चंद्रपाल शर्मा, आरके सिंह, विनय कुमार सिंह मौजूद रहे।