गोंडा। नगर कोतवाली पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले गिराेह के लीडर समेत पांच अभियुक्तों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि करनैलगंज के बुढ़वलिया गांव निवासी अभय कुमार ने 05 जून 2024 को बाइक चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। तफ्तीश में पता चला कि नगर कोतवाली के पूरे शिवा बख्तावर आनंद पेरी निवासी मलखान सिंह बाइक चोरी का गिराेह चलाता है। वह अपने गिरोह के बदमाश कस्बा वजीरगंज निवासी कौशल किशोर उर्फ सचिन चौहान, कोतवाली देहात के कोयली जंगल शीतल सिंह पुरवा निवासी सूरज सिंह, उसके भाई शुभम सिंह व मनकापुर निवासी सलमान खां के साथ मिलकर बाइक चोरी करके बेचता है। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल में निरुद्ध कराया गया था। बताया कि आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपियों को जेल में गैंगस्टर का तामीला करा दिया गया है। (संवाद)