मुजेहना (गोंडा)। धानेपुर इलाके में जमीन हड़पने के मामले में तत्कालीन नायब तहसीलदार व पूर्व प्रधान समेत सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। धानेपुर के त्रिभुवन नगर निवासी 74 वर्षीय रामपियारे ने डीआईजी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनकी चाची चिरौना के कोई संतान नहीं थी। विपक्षियों ने चाची की जमीन हड़पने के लिए अज्ञात महिला को उनकी बेटी जनक कुमारी बताकर उनकी जमीन की अपने नाम वसीयत करा ली। तत्कालीन नायब तहसीलदार रत्नेश कुमार व पूर्व प्रधान बाबादीन की मिलीभगत से गत 25 मई 2012 को विपक्षियों का नाम खतौनी में दर्ज हो गया। एसडीएम न्यायालय में अपील दर्ज कराई तो 28 मई 2023 को एसडीएम ने उक्त आदेश निरस्त कर दिया। इसके बावजूद आरोपियों ने परेशान करना बंद नहीं किया। पुलिस से शिकायत पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। धानेपुर प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार राय ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तत्कालीन नायब तहसीलदार रत्नेश कुमार, बलरामपुर के रेहरा बाजार कालिंजर वेदीपुरवा निवासी राजाराम, त्रिभुवननगर ग्रिंट निवासी राजकुमारी, करियापुर के पूर्व प्रधान बाबादीन, संवारे, सांवल और काशीपुरवा निवासी ननकू के खिलाफ धोखाधड़ी समेत गंभीर आरोपों में केस दर्ज किया गया है। (संवाद)