गोंडा। बेशकीमती भूमि का धोखे से बैनामा करा लिया गया। इस साजिश में शामिल दो अधिवक्ताओं सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ग्राम इटियाथोक निवासी राम संवारे ने नगर कोतवाली में दी गई तहरीर में कहा कि 24 लाख रुपये में छह बीघा भूमि का बैनामा करने के लिए धरनीधर दुबे व सुरेंद्र नाथ तिवारी से तय हुआ था। दो सितंबर 2022 को वह कचहरी गया था मगर उस दिन तैयार किए गए दस्तावेज की रजिस्ट्री नहीं हो पाई। अगले दिन बुलाकर दूसरे दस्तावेज तैयार कर उसकी सड़क किनारे की बेशकीमती .405 हेक्टेयर भूमि का भी धोखे से बैनामा करा लिया गया। इसके बाद बिना कोई सूचना भेजे नामांतरण भी हो गया।
बीते 14 मई को सड़क किनारे वाली भूमि पर आरोपी कब्जा करने गए तो पूरे मामले की जानकारी हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यही भूमि बैनामा हुई है। जो मेरे नाम खतौनी में भी आ चुकी है। राम संवारे का आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी दी गई है।
नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि धरनीधर दुबे निवासी भवनियापुर उपाध्याय, अधिवक्ता राकेश कुमार दुबे निवासी बहलोलपुर, सुरेंद्र नाथ तिवारी निवासी इटियाथोक व अधिवक्ता संतोष कुमार मिश्र निवासी झूरीकुइंया के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने व जानमाल की धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।