गोंडा। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, सफाई सहित सात मानकों पर खरे उतरने वाले जिले के चार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को कायाकल्प अवार्ड के लिए चयनित किया गया है। इन चारों अस्पतालों को एक-एक लाख रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए जाएंगे।
नेशनल क्वाॅलिटी इंश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्वास) की टीम ने सीएचसी काजीदेवर, मुजेहना, इटियाथोक, कटरा बाजार, करनैलगंज, पसरपुर, पड़रीकृपाल और वजीरगंज का मूल्यांकन किया था। टीम ने अस्पताल का रखरखाव, सफाई, संक्रमण नियंत्रण की स्थिति, बॉयोमेडिकल वेस्ट का निस्तारण, सपोर्ट सर्विसेज, अस्पताल की चारदीवारी, हाईजीन स्वच्छता की स्थिति परखने के साथ ही रोगियों का फीडबैक लिया। टीम को सीएचसी करनैलगंज, परसपुर, पंडरीकृपाल व वजीरगंज में बेहतर व्यवस्था मिली। इन सभी सीएचसी को 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त हुए, जिससे इन्हें योजना के तहत एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने कहा कि कायाकल्य अवार्ड मिलने से डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों का मनोबल बढ़ता है। बेहतर स्वास्थ्य सेवा प्रदान कर दूसरे सीएचसी के लोग भी अवार्ड जीत सकते हैं। कार्यक्रम सहायक प्रदीप तिवारी ने बताया कि जिला स्तरीय अस्पतालों का असेसमेंट किया गया है। विगत वर्ष भी जिला अस्पताल व महिला अस्पताल में अवार्ड मिल चुका है।