गोंडा। अज्ञात कारणों से आग लगने से शुक्रवार दोपहर गेहूं व सरसों की फसल जल गई। बलरामपुर मार्ग पर बेलवा कर्मडीह गांव के किसान सुशील, रक्षाराम, राकेश व रामरंग के गेहूं के खेत में अचानक आग लग गई। इससे करीब चार बीघे गेहूं की फसल जल गई। वहीं, राम अभिलाख का पंपिंग सेट भी जल गया। फायरब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। खोड़ारे संवाद के अनुसार गौरा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत केशवनगर ग्रंट पश्चिमी कौव्वागढ़ में शनिवार को आग लगने से कई घर जल हो गए। सोमवार को गौरा विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने पहुंचकर अग्निकांड पीड़ितों से मुलाकात की। अधिकारियों से फोन पर बात करके मदद के लिए कहा। मुजेहना संवाद के अनुसार पड़री कृपाल रेंज के वनरक्षक समीर रंजन चौधरी ने थाने में तहरीर दी। इसमें कहा कि क्षेत्र की ग्राम पंचायत सीर बनकट भया गांव के रहने वाले रामजस के पिता राम दुलारे की मृत्यु हो गई थी। रामजस ने आरक्षित वन क्षेत्र में शनिवार को अंतिम संस्कार कर दिया। जिसकी चिंगारी से वन क्षेत्र में आग लग गई और भारी नुकसान हुआ है। प्रभारी निरीक्षक वेदप्रकाश शुक्ल ने बताया कि आरोपी रामजस व कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।