बलरामपुर के देहात कोतवाली में बरामद चोरी की बाइक के साथ मौजूद अभियुक्त व पुलिसकर्मी।
बलरामपुर। वाहन चेकिंग के दौरान बुधवार की शाम को कोतवाली देहात की पुलिस ने चोरों के एक बड़े गिरोह को पकड़ा। चोरी की तीन बाइकों को बरामद करके चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में पुलिस ने तीन घटनाओं का खुलासे का दावा किया है।
सीओ सिटी दरवेश कुमार ने बताया कि कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सरोज पुलिस टीम के साथ बुधवार की शाम पांच बजे बलरामपुर तुलसीपुर मार्ग पर बेलहा मोड़ के पास वाहनों की जांच कर रहे थे। वहां से दो बाइकों से गुजर रहे जालिमगांव जयनगरा थाना महाराजगंज तराई निवासी दिलशाद और कौवापुर बाजार निवासी अरशद व अन्नू को रोक लिया। पुलिस ने जब इनसे गाड़ियों के कागज मांगे तो वे भागने लगे।
पकड़ कर पूछताछ की गई तो बाइक चोरी की मिली।
इसमें तुलसीपुर के नैकिनिया निवासी मजहर का नाम सामने आया। पता चला कि वह मिस्त्री है, जो चोरी की गाड़ियों की बिक्री करवाता है। पुलिस ने छापेमारी कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से भी चोरी की बाइक बरामद की गई है। सीओ ने चोरी की तीन वारदातों के खुलासे का दावा किया है। बताया कि इस मामले में एक अन्य का नाम सामने आ रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।