गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र के मकार्थीगंज ददुआ बाजार में दो दिन पहले सराफा व्यापारी के घर से हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से सोना व चांदी के आठ किलो गहने समेत तमंचा, कारतूस, चाकू व कार बरामद हुई है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के ददुआ बाजार मकार्थीगंज निवासी शंभूलाल कौशल के बरियारपुरवा ददुवा बाजार वाले मकान में 15 अप्रैल को चोरी हो गई थी। चोर सोने व चांदी के कई किलो गहने चुरा ले गए थे। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया था।
कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी के पास से चार संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से आठ किलो 190 ग्राम सोने व चांदी के गहने, तमंचा, कारतूस, चाकू, सब्बल व एक कार बरामद हुई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पकड़े गए आरोपी शिवम कौशल निवासी बरियार पुरवा ददुआ बाजार, लकी उर्फ गिरीश कुमार निवासी रानी बाजार, दानिश राईनी निवासी साहबगंज व रशीद अहमद निवासी चूड़ी वाली गली, चौक बाजार कोतवाली नगर हैं।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी शिवम के खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस शिवम के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई भी कर चुकी है। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी संतोष सिंह, सर्विलांस सेल के अमितेश सिंह व साइबर सेल के हरिओम टंडन समेत अन्य शामिल रहे।