गोंडा। पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य यांत्रिक अभियंता मनोज कुमार अग्रवाल ने मंगलवार को गोंडा रेलवे यार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रैक नंबर 21 व 22 की लाइन तिरछी मिली। इन लाइनों में गिट्टी की मात्रा अधिक मिलने पर उन्होंने इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी। वहीं, रूटीन ओवरहालिंग डिपो व कैरेज विभाग में बेहतर व्यवस्था पर दस-दस हजार रुपये का पुरस्कार दिया।
प्रमुख मुख्य यांत्रिक अभियंता मनोज कुमार अग्रवाल मंगलवार को गोरखपुर से वाया बलरामपुर से मैलानी जाने वाली ट्रेन से रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने रेलवे स्टेशन, कैरिज एंड वैगन विभाग व रूटीन ओवरहालिंग डिपो का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने वेल्डिंग करने वाले कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान एप्रेन पहनने का निर्देश दिया। इसके अलावा डिपो में खुले में रखे तारों को ढककर सुरक्षित रखने का भी निर्देश दिया। इस दौरान लखनऊ डिवीजन के कैरिज एंड वैगन विभाग के सीनियर डीएमई फरिंदर कुमार भी मौजूद रहे।