बस्ती/गोंडा। छावनी थाना क्षेत्र के विक्रमजोत में फोरलेन पर शुक्रवार सुबह एक बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। बाइक पर युवक, दो महिलाएं व दो बच्चे सवार थे। हादसे में ट्रक के पहिए के नीचे आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य घायलों को सीएचसी विक्रमजोत ले जाया गया, जहां छह वर्षीय मासूम ने भी दम तोड़ दिया। जबकि तीन अन्य घायलों को चिकित्सक ने जिला चिकित्सालय अयोध्या रेफर कर दिया।
गोंडा के वजीरगंज थानांतर्गत सराय खत्री दुर्जनपुर निवासी बबलू चौहान (35) चंडीगढ़ में पेंटर का काम करते थे। शुक्रवार को वह पत्नी मोहिनी (30), बेटे अंशु (10), छह वर्षीय आदेश और पड़ोस में रहने वाली बीना (30) को बाइक पर बैठाकर बस्ती जिले के छावनी थानांतर्गत बनकटवा स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे।
फोरलेन पर छावनी थानांतर्गत विक्रमजोत में अवधेश सिंह ढाबा के सामने पीछे से आ रहे ट्रक ने अचानक साइड ले ली। इससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक से कुचलकर बबलू चौहान की मौके पर ही मौत हो गई।
आसपास के लोगों की मदद से अन्य घायलों को हाईवे से उठाकर किनारे किया गया। चौकी इंचार्ज विक्रमजोत गंगा यादव व एसआई वीरेंद्र कुमार ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी विक्रमजोत भेजा। सिर में गंभीर चोट आने से छह वर्षीय आदेश चौहान ने भी दम तोड़ दिया। डॉ. अनुश्री ने गंभीर रूप से घायल मोहिनी, अंशु व बीना को जिला चिकित्सालय अयोध्या रेफर कर दिया। हादसे के बाद फरार ट्रक को पुलिस चिह्नित करने में जुटी है।