परसपुर के खरगूपुर गांव में चंदहा नाले पर बनाया जा रहा पुल। - संवाद
गोंडा। परसपुर ब्लॉक के तीन गांवों के साथ ही बेलसर ब्लॉक की दो ग्राम पंचायतों में चंदहा नाले पर 4.25 करोड़ रुपये की लागत से पांच पुल बनेंगे। शासन ने 85-85 लाख रुपये की लागत से पांच पुल बनाने की स्वीकृति दी है। एक गांव में पुल का निर्माण शुरू कर दिया गया है। जबकि चार गांवों में जल्द ही पुलों का निर्माण शुरू कराया जाएगा। पांचों पुल के निर्माण से दो ब्लॉकों के 50 गांवों की 20 हजार आबादी के आवागमन की राह आसान होगी।
परसपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत सुसुंडा के कुर्मी पुरवा, कोंड़री व खरगूपुर के साथ ही बेलसर ब्लॉक की ग्राम पंचायत डिडिसिया कला के मन्नी पुरवा व नगदही के चमारन पुरवा में चंदहा नाले पर सिंचाई विभाग के ड्रेनेज खंड-प्रथम की ओर से पुल का निर्माण होना है। इसके लिए विभाग ने बजट की स्वीकृति दे दी है। प्रत्येक पुल का निर्माण 85 लाख रुपये की लागत से होना है।
इसके अलावा परसपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत खरगूपुर में सम्मय माता स्थान के समीप चंदहा नाला पर बुधवार से पुल का निर्माण शुरू हो गया है। सिंचाई विभाग ने पुल निर्माण के लिए 85 लाख रुपये बजट की स्वीकृति दी है। खरगूपुर में पुल निर्माण से मंगुरा बाजार, अवरता, भोरई पुरवा, राजापुर, निबिहा, ढोंगवा, जगतपुर, पांडेय पुरवा गांव के लोगों के आवागमन की राह आसान होगी।
ड्रेनेज खंड प्रथम सिंचाई विभाग के अवर अभियंता नारायण मिश्र ने बताया कि ग्राम पंचायत खरगूपुर में चंदहा नाले पर 85 लाख रुपये लागत से शुरू हुआ पुल का निर्माण तीन माह में पूरा करने का लक्ष्य है। इसके अलावा चार और पुलों का निर्माण 85-85 लाख रुपये की लागत से होना है। इन पुलों का निर्माण भी जल्द शुरू करा दिया जाएगा।