बलरामपुर। पचपेड़वा ब्लॉक के रामनगर निवासी अरबी हसन रविवार को अपने परिवार के साथ छत का शटरिंग लगवाने की तैयारी कर रहे थे। तभी गांव के ही जहीर के घर से उनके बेटे की बरात निकलने लगी। उसमें कुछ लोग पटाखे जला रहे थे। पटाखे से अरबी हसन के छप्पर में आग लग गई। इससे अरबी हसन की 48 हजार रुपये की नकदी, शटरिंग व गृहस्थी का सामान जल गया। तीन बकरियां भी जलकर मर गईं। घर में रखा गैस सिलिंडर फटने से जुग्गीलाल का घर भी आग की चपेट में आ गया। दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया।