फोटो-1-गोंडा के करनैलगंज में एचडीएफसी बैंक में शार्ट सर्किट से लगी आग से जला सामान। -संवाद
- फोटो : GONDA
करनैलगंज (गोंडा)। नगर के सकरौरा चौराहे पर संचालित एचडीएफसी बैंक में लगे एटीएम में गुरुवार सुबह तकरीबन नौ बजे शार्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। बैंक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बैंक में मौजूद सभी कर्मचारी बाल-बाल बच गए। बैंककर्मी आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन दल व पुलिस विभाग को सूचित करते रहे। जिला मुख्यालय से अग्निशमन वाहन डेढ़ घंटे बाद पहुंचा। तब जाकर आग बुझाई जा सकी। तब तक आग से बैंक के अभिलेख, फर्नीचर, मशीनें, कंप्यूटर, लैपटॉप व एटीएम पूरी तरह जल गया।
रोज की तरह गुरुवार की सुबह नौ बजे बैंककर्मी बैंक पहुंचे। बैंक में काम शुरू हुआ था। तभी शार्ट सर्किट से बैंक के एटीएम में आग लग गई। अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अग्निशमन दल को फोन पर आग की सूचना दी गई। अग्निशमन दल के समय पर न पहुंचने से बैंक कर्मी व आसपास के लोगों ने आग पर काबू पा लिया। आग बुझने के बाद बैंक में भरे धुएं के गुबार से अंदर घुसने में घंटों लग गए। आग लगने के समय बैंक में मैनेजर चंदन सिंह, मिर्जा जॉन, रणजीत यादव, पंकज ओझा, लव श्रीवास्तव, जहांगीर आलम, शौर्य प्रताप सिंह, बृजेश मिश्रा, अतुल सिंह, अजय, प्रेम सिंह व दुर्गेश मौजूद रहे, जोकि बाल-बाल बच गए। करीब तीन घंटे बाद जब धुआं कम हुआ तब अंदर जाकर बैंक अधिकारियों ने छानबीन की। बैंक में सभी सामान पूरी तरह जल गया था।
घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम हीरालाल, कोतवाल सुधीर कुमार सिंह, चौकी प्रभारी दिवाकर मिश्रा मौके पर पहुंचे। बैंक मैनेजर चंदन सिंह ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। जिसे अग्निशमन यंत्र से बुझाने की कोशिश की गई, मगर आग फर्नीचर में लगने के कारण बुझाने में दिक्कत आई जिससे बैंक में रखे सभी अभिलेख, फर्नीचर, मशीनें, कंप्यूटर, लैपटॉप व एटीएम पूरी तरह जल गया। बैंक में रखा कैश सुरक्षित बचाया गया।