गोंडा। राजा मोहल्ले में नगर पालिका की जमीन कब्जा करने का मामला आया है। पालिका के नजूल अमीन ने दो आरोपियों के खिलाफ नगर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। नगर पालिका के नजूल अमीन राम जनम मिश्र ने बताया कि राजा मोहल्ला निवासी अभिषेक रस्तोगी ने डीएम से मिलकर शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि उनके घर के बगल में पांच फीट की गली है। जिस पर पड़ोस के आशीष पांडेय ने कब्जा करके जीना बनवा लिया। इसी मोहल्ले के सुनील रस्तोगी ने कब्जा करके गली में मकान बनवा लिया। डीएम ने अधिशाषी अधिकारी से मामले में आख्या मांगी तो मौके पर जाकर जांच की गई। जांच में गली पर आरोपियों का कब्जा मिला। कब्जा हटाने के लिए 01 नवंबर 2025 को नोटिस दिया गया, लेकिन उसके बाद भी कब्जेदारों ने गली खाली नहीं की। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ लोक संपत्ति अधिनियम के तहत नगर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। (संवाद)