गोंडा। त्योहारों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (मुंबई) से गोरखपुर के बीच त्योहार स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन नंबर 01079 मुंबई-गोरखपुर त्योहार स्पेशल 16 अक्तूबर से 16 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगी। ट्रेन सुबह 06:35 बजे गोंडा पहुंचेगी और 06:40 बजे रवाना होगी। मनकापुर में इसका ठहराव 6:57 बजे होगा। जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि वापसी में ट्रेन नंबर 01080 गोरखपुर-मुंबई त्योहार स्पेशल 18 अक्तूबर से 18 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगी। यह ट्रेन 4:27 बजे मनकापुर और पांच बजे गोंडा पहुंचेगी। ट्रेन का संचालन कुल 32 फेरों के लिए किया जाएगा। इसमें शयनयान के 11, सामान्य द्वितीय श्रेणी के पांच और वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के चार कोच समेत कुल 22 कोच होंगे। (संवाद)