पसका (गोंडा)। परसपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत प्योली स्थित साधन सहकारी समिति मलांव पर मंगलवार को डीएपी के लिए किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। सचिव राजेंद्र पांडेय ने बताया कि रबी के फसल की बोआई के लिए 300 बोरी डीएपी आई थी। डीएपी के लिए किसानों की भीड़ लग गई। पुलिस बल की मौजूदगी में डीएपी का वितरण किया गया। डीएपी के लिए सैकड़ों की संख्या में किसान गोदाम के बाहर उपस्थित रहे। पुलिस ने लाइन लगवा कर किसानों में डीएपी का वितरण कराया। भीड़ काफी होने पर गहमागहमी भी रही। डीएपी वितरण बीच में ही रोकना पड़ा। डीएपी लेने आए राजन, संदीप, सत्यदेव, रमन, दिनेश आदि ने बताया कि डीएपी न मिल पाने से गेहूं की बोआई में देरी हो रही है। लोहंगपुर निवासी राम नरेंद्र और गुड्डू ने बताया कि इस बार बिना डीएपी के ही फसल की बोआई करनी पड़ेगी। सचिव ने बताया कि इससे पूर्व पिछले माह भी 300 बोरी डीएपी का वितरण किया गया था।