गोंडा। प्रसव के बाद नवजात की मौत पर परिजनों ने एएनएम पर पैसे मांगने व प्रसव कराने में लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले में जांच शुरू हो चुकी है।
बनगांव निवासी प्रदीप कुमार दूबे ने सोमवार देर शाम जिलाधिकारी को पत्र भेजकर बताया कि उसकी पत्नी राधा देवी को चार जुलाई को प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड करवाकर वापस भेज दिया। आरोप है कि रात में तबीयत अधिक बिगड़ने पर सीएचसी लाया गया। पांच जुलाई को प्रसव कक्ष में ले जाते समय एएनएम पूनम ने सुविधा शुल्क की मांग की। लापरवाही के चलते प्रसव कराने पर जच्चा- बच्चा की हालत गंभीर हो गई। नवजात को रेफर कर दिया गया, जिसे जिला महिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं एएनएम पूनम ने बताया कि पैसे मांगने का आरोप निराधार है। प्रसव के बाद नवजात की हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया था। सीएचसी अधीक्षक डॉ. एपी यादव ने बताया कि शिकायत मिली है, जांच करवाकर कार्रवाई की जाएगी।