गोंडा। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का परीक्षा कार्यक्रम तय होने के बाद विभाग में तैयारियां तेज हो गई हैं। परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू हो रही हैं। बोर्ड परीक्षा के पहले प्रयोगात्मक व प्री- बोर्ड की परीक्षाएं पूरी की जानी हैं। इसके साथ ही जिले के 487 इंटर कॉलेजों में पाठ्यक्रम पूरा कराने का अभियान चलेगा। अभी बीस फीसदी के करीब पाठ्यक्रम अधूरे हैं।
वर्ष 2023 की यूपी बोर्ड परीक्षा में कुल 92518 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। इसमें हाईस्कूल के 53,327 व इंटरमीडिएट के 39,191 परीक्षार्थी हैं। परीक्षा के लिए 143 स्कूलों को केंद्र बनाया गया है। डीआईओएस की तरफ से परीक्षा केंद्र बनाए गए स्कूलों को व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए हैं। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए जिला प्रशासन ने भी कमर कस ली है।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कराई जाएंगी। परीक्षा केंद्र बनाए गए स्कूलों को सीसीटीवी कैमरे से लैस किया गया है। इसके अतिरिक्त परीक्षा में नकल रोकने के लिए पूरे जिले को अलग-अलग सेक्टर में बांट कर अफसरों की तैनाती की जा रही है। नकल विहीन परीक्षा के लिए जोनल मजिस्ट्रेट से लेकर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तक की तैनाती की जानी है। इनकी तैनाती को लेकर होमवर्क कर रहा है।
21 से 28 जनवरी तक होंगी इंटरमीडिएट की प्रायोगिक परीक्षाएं
यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं की प्रायोगिक परीक्षाएं 21 जनवरी से 28 जनवरी तक कराई जाएंगी। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इंटमीडियट की प्रायोगिक परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर किया है। देवीपाटन मंडल के चारों जिलों में एक साथ प्रायोगिक परीक्षाएं आयोजित होंगी।
16 से 20 जनवरी के बीच प्री बोर्ड परीक्षा कराने के निर्देश
बोर्ड परीक्षा के पहले छात्र छात्राओं की तैयारी परखने के लिए प्री बोर्ड परीक्षा के आयोजन के लिए भी माध्यमिक शिक्षा परिषद ने तारीखों का ऐलान कर दिया है। सभी स्कूलों में 16 से 20 जनवरी के बीच प्री बोर्ड परीक्षा कराने के निर्देश दिया गया है। प्री बोर्ड परीक्षा के बाद इंटरमीडियट की प्रायोगिक परीक्षाएं आयोजित होंगी।
तय परीक्षा कार्यक्रम
हाईस्कूल
दिनांक व दिन - समय - विषय
16 फरवरी गुरुवार - प्रात: 08 से 11.15 बजे तक - हिंदी व प्रारंभिक हिंदी
21 फरवरी मंगलवार - प्रात: 08 से 11.15 बजे तक - गणित व सायं 02 बजे से 5. 15 बजे कंप्यूटर
22 फरवरी बुधवार - प्रात: 08 से 11.15 बजे तक - संस्कृत
23 फरवरी गुरुवार - प्रात: 08 से 11.15 बजे तक -वाणिज्य
27 फरवरी सोमवार - प्रात: 08 से 11.15 बजे तक - विज्ञान
01 मार्च बुधवार - प्रात: 08 से 11.15 बजे तक - अंग्रेजी
03 मार्च शुक्रवार - प्रात: 08 से 11.15 बजे तक - सामाजिक विज्ञान
इंटरमीडिएट
16 फरवरी गुरुवार - सायं 02 से 5.15 बजे तक- हिंदी, सामान्य हिंदी
20 फरवरी सोमवार - प्रात: 08 से 11.15 बजे तक - लेखाशास्त्र (वाणिज्य वर्ग के लिए)
व - सायं 02 से 5.15 बजे तक- भूगोल
21 फरवरी मंगलवार - सायं 02 से 5.15 बजे तक- व्यवसाय अध्ययन (वाणिज्य
वर्ग के लिए), गृह विज्ञान
23 फरवरी गुरुवार - सायं 02 से 5.15 बजे तक- कंप्यूटर
24 फरवरी शुक्रवार - सायं 02 से 5.15 बजे तक- अंग्रेजी
25 फरवरी शनिवार - सायं 02 से 5.15 बजे तक- मनोविज्ञान शिक्षा शास्त्र, तर्कशास्त्र
27 फरवरी सोमवार - सायं 02 से 5.15 बजे तक- जीव विज्ञान, गणित
28 फरवरी मंगलवार - सायं 02 से 5.15 बजे तक- नागरिक शास्त्र
01 मार्च बुधवार - सायं 02 से 5.15 बजे तक- अर्थशास्त्र, भौतिक विज्ञान
02 मार्च गुरुवार - सायं 02 से 5.15 बजे तक- इतिहास
03 मार्च शुक्रवार - सायं 02 से 5.15 बजे तक- संस्कृत
04 मार्च शनिवार - सायं 02 से 5.15 बजे तक- रसायन विज्ञान, समाजशास्त्र
परीक्षा कार्यक्रम तय हो गया है। सभी परीक्षा केंद्रों पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और सभी को व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है।
राकेश कुमार, डीआईओएस