गोंडा। जिले के तरबगंज विधानसभा में प्रवेश के सभी द्वार पर गेट बनेंगे। इसके लिए 41 लाख की परियोजना स्वीकृत हो गई है। इसका निर्माण मार्च 2023 तक होना है। सभी गेट महापुरुषों के नाम पर होंगे। वहीं तुलसी जन्मस्थली में गोस्वामी तुलसीदास दास की प्रतिमा कई सालों बाद स्थापित की गई है।
तरबगंज विधानसभा में प्रवेश द्वार बनेंगे। जिसमें दुर्जनपुर बलेश्वरगंज संपर्क मार्ग पर बलेश्वरगंज में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मारक द्वार का निर्माण 3.81 लाख से, करनैलगंज नवाबगंज मार्ग पर ग्राम पंचायत लौव्वावीरपुर में माधव राव सदाशिव राव गोलवलकर स्मारक द्वार का निर्माण 3.81 लाख, झंझरी तरबगंज मार्ग पर ग्राम पंचायत चौबेपुर में बाबू कल्याण सिंह स्मारक द्वार का निर्माण 4.20 लाख से होगा।
बहराइच फैजाबाद आजमगढ़ मार्ग पर ग्राम पंचायत भरहा पारा में शहीद आजम भगत सिंह स्मारक द्वार का निर्माण 4.20 लाख से, बेलसर सोनाली मार्ग पर उमरी से बाराही देवी होकर बनुआ चौराहा पर सरदार बल्लभ भाई पटेल स्मारक द्वार का निर्माण 4.20 लाख से किया जाएगा।
गोंडा-बेलसर उमरी मार्ग पर गोड़वा में नाना जी स्मारक द्वार का निर्माण 4.20 लाख से नवाबगंज मनकापुर मार्ग पर हरिहरपुर मोड़ के पास मंगल पांडेय स्मारक द्वार निर्माण 4.20 लाख से होगा। तरबगंज मोतीगंज मार्ग पर महाराजगंज में अमर शहीद राजेन्द्र नाथ लाहिड़ी स्मारक द्वार का निर्माण 4.20 लाख से, करनैलगंज नवाबगंज मार्ग पर ग्राम पंचायत सिसई में अटल बिहारी बाजपेयी स्मारक द्वार का निर्माण 4.20 लाख से किया जाएगा।
तरबगंज विधायक प्रेम नरायन पांडेय ने कहा कि नई पीढ़ी को महापुरुषों की जानकारी होनी चाहिए, इसके लिए तरबगंज की हर सीमा महापुरुषों के नाम प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं। इसके लिए बजट मिल चुका है। काम जल्द शुरू होगा।