गोंडा। अतिक्रमण और जाम से निजात दिलाने के लिए शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारी हरकत में आए। लाव लश्कर के साथ महिला अस्पताल चौराहे पर पहुंचे और यहां सिटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में पुलिस व नगर पालिका की टीम ने सड़क की पटरी को अतिक्रमण से मुक्त कराया। 25 वाहनों का चालान करते हुए दुकानदारों से 45 हजार रुपये जुर्माना भी वसूला गया। चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण करने पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। अमर उजाला ने सड़क के सौदागर विषयक अभियान चलाकर
शहर में अतिक्रमण व जाम के मुद्दों को खबरों के माध्यम से बखूबी उठाया था।
शहर में अतिक्रमण की समस्या से सभी परेशान हैं। कोई भी ऐसा मार्ग नहीं है जिसपर दुकानदारों का अतिक्रमण न हो। अमर उजाला की आरे से लगतार इसके खिलाफ खबर प्रकाशित करने पर शुक्रवार को प्रशासन भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान पर उतर आया। नगर मजिस्ट्रेट विजय शर्मा की अगुवाई में ईओ नगर पालिका संजय मिश्रा, सीओ सिटी विनय कुमार सिंह, नगर कोतवाल राजेश सिंह दलबल के साथ गुरुनानक चौक पहुंचे। यहां से सड़क की पटरी से ठेला, दुकान के साथ सभी प्रकार के अतिक्रमण को खाली कराया गया। महिला अस्पताल चौराहे से लेकर गुड्डूमल चौराहे तक सड़क की दोनों पटरियों को खाली कराया गया।
सिटी मजिस्ट्रेट ने दुकानदारों को चेतावनी देकर कहा कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इसके साथ ही दुकानदारों से 45 हजार रुपये जुर्माना भी वसूला गया।
लगातार चलाया जाएगा अभियान
सिटी मजिस्ट्रेट विजय शर्मा ने ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिया है कि महिला अस्पताल चौराहे चौराहे पर सुबह 11 बजे और शाम चार बजे तक अभियान चलाएं। सड़क पर वाहन खड़ा करने वालों का चालान करें। इसके साथ ही दुकानदारों पर भी कार्रवाई करें। उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार चलाया जाएगा। वे खुद भी औचक निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लेंगे। महिला अस्पताल के सामने संचालित एक शॉपिंग मॉल में पहुंचकर उन्होंने जांच की, जहां पार्किंग के इंतजाम नहीं मिले। बेसमेंट में पार्किंग की जगह दुकानें संचालित पाई गईं। उन्होंने कहा कि जल्द ही संचालक को नोटिस जारी की जाएगी।
सपा का बोर्ड उखाड़ा
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान टीम ने समाजवादी पार्टी कार्यालय के सामने लगे बोर्ड को बुलडोजर से उखड़वा दिया। सिटी मजिस्ट्रेट व ईओ ने कहा कि सपा का बोर्ड पटरी पर ही लगा हुआ था। सारे अतिक्रमण हटाए गए, इसी क्रम में बोर्ड को भी उखड़वाया गया। वहीं, सपा जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन ने कार्रवाई गलत बताया। कहा कि अगर बोर्ड गलत लगा था पहले नोटिस या चेतावनी दी जानी चाहिए थी। आरोप लगाया कि भाजपा का बोर्ड पूरी तरह से अवैध है, उसे नहीं हटवाया गया।