गोंडा। घर से सामान खरीदने के लिए साइकिल से मछली बाजार गए युवक की सरयू नहर में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
क्षेत्र के ग्राम फिरोजपुर थनवा डिहवा निवासी रामजस वर्मा ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे उनके पिता हंसराज (62) साइकिल से मछली बाजार गए थे। देर शाम तक वह घर नहीं लौटे तो बाजार जाकर उनकी तलाश की। कुछ लोगों ने बताया कि वह सरयू नहर के पास दिखे थे। रामजस ने वहां जाकर देखा तो पुलिया के पास उनकी साइकिल खड़ी मिली। रात होने के कारण तलाश नहीं की जा सकी। शनिवार सुबह नहर में तलाश करने पर एलनपुर ग्रंट गांव के पास हंसराज का शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से शव नहर से निकलवाया। कोतवाल संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि रामजस वर्मा की तहरीर पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन की जा रही है।