गोंडा। नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन में मंगलवार से शुरू हुई प्रक्रिया के बाद तीसरे दिन कई नामांकन होने से चुनावी पारा चढ़ गया। चार शहरी निकाय क्षेत्रों में अध्यक्ष पद के लिए आठ और पांच निकायों में सभासद के लिए 76 दावेदारों ने नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी माहौल को गरमा दिया है। नगर पालिका परिषद गोंडा के अध्यक्ष पद पर पूर्व अध्यक्ष उज्मा राशिद ने एक सेट नामांकन कर सबको चौंका दिया। सपा से अभी टिकट की सूची जारी नहीं हुई, ऐसे में उज्मा राशिद ने नामांकन कर चुनाव मैदान में उतरने का संकेत दे दिया है।
कलेक्ट्रेट में नगर पालिका परिषद गोंडा के अध्यक्ष व 27 वार्डों के सभासद पद के नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। तीसरे दिन पूर्व अध्यक्ष के साथ ही सबीना बेगम ने भी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। सभासद के लिए 34 ने नामांकन किया। मनकापुर नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर तहसील में पूर्व अध्यक्ष राम कृपाल उर्फ राहुल सोनी ने भी दो सेट और नामांकन दाखिल किया, साथ ही उनकी पत्नी रेखा सोनी ने भी पर्चा भरा। वह सपा से दावेदारी कर रहे हैं, टिकट तय न होने के बाद भी उन्होंने एक सेट नामांकन बुधवार को किया था और दूसरा सेट भी दाखिल कर दिया।
सभासद पद के लिए एक ने नामांकन किया। तरबगंज तहसील में नवाबगंज नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए अल्पना सिंह ने नामांकन किया है। वह पिछले 2017 में नगर पालिका चुनाव में सपा से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ चुकी हैं। अभी उन्होंने दो सेट में नामांकन किया है। सभासद के लिए तीन लोगों ने पर्चे भरे।
करनैलगंज नगर पालिका परिषद में सभासद के लिए 31 लोगों ने नामांकन किया। कटराबाजार नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए जिआउल हक और शकुतला देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। सभासद के लिए पांच लोगों ने पर्चा भरा। इसके अलावा धानेपुर नगर पंचायत में भी सभासद के लिए तीन लोगों ने नामांकन किया है।
अध्यक्ष के लिए 50 व सभासद के लिए 291 ने खरीदे पर्चे
नामांकन के साथ ही नामांकन पत्रों की बिक्री भी खूब हुई। दस निकायों में आठ निकायों में 50 लोगों ने अध्यक्ष पद का नामांकन पत्र खरीदा है। वहीं दस निकाय क्षेत्रों के 173 सभासद पदों के लिए 291 ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। जिसमें गोंडा नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए छह व सभासद के 53 लोगों ने नामांकन पत्र लिया। वहीं धानेपुर नगर पंचायत में सभासद पद के लिए 25 लोगों और खरगूपुर नगर पंचायत में अध्यक्ष के लिए तीन व सभासद के सात लोगों नेे नामांकन पत्र लिए। इसके अलावा नगर पालिका करनैलगंज में अध्यक्ष पद के लिए सात लोगों व सभासद के लिए 38 लोगों ने पर्चे खरीदे।
वहीं कटराबाजार नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए नौ व सभासद के 36 पर्चे बिके। परसपुर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए पांच व सभासद के 22 पर्चों की बिक्री हुई। तरबगंज नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए तीन व सभासद के लिए 16, बेलसर नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए तीसरे दिन 12 व सभासद के लिए 36 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। नवाबगंज नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए पांच व सभासद के लिए 45 नामांकन पत्र बिके। मनकापुर नगर पंचायत में सभासद के लिए 13 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।
तीन निकायों में नामांकन का नहीं खुला खाता
जिले के तीन निकायों में नामांकन का खाता अभी तक नहीं खुल सका है। तरबगंज, बेलसर व परसपुर में अध्यक्ष व सभासद के किसी पद के लिए अभी तक नामांकन नहीं हो सका है। माना जा रहा है कि यहां के चुनाव लड़ने वाले टिकट का इंतजार कर रहे हैं और कुछ को खरमास समाप्त होने का इंतजार है। शुक्रवार को यहां भी नामांकन होने की उम्मीद है।