गोंडा। बिना मान्यता के ही जिले में स्कूलों के संचालन का खेल बड़े पैमाने पर चल रहा है। सबसे अहम तो यह है कि बिना मान्यता के इंटर तक की पढ़ाई धंधेबाज करा रहे हैं। स्कूल के नाम में इंटर कॉलेज जोड़कर ही स्कूल का संचालन शुरू कर दिया। जिला विद्यालय निरीक्षक डाॅ. रामचंद्र ने नौ स्कूलों का निरीक्षण किया। इसमें छह स्कूल बिना मान्यता के संचालित होते मिले।
डीआईओएस ने सभी स्कूलों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। डीआईओएस ने बताया कि रुपईडीह के भवानी लक्ष्य एकेडमी खुट पिपरा को एक से पांच तक मान्यता है। निरीक्षण में 12वीं तक पढ़ाई होती मिली, जिसमें 549 छात्र उपस्थित थे। स्कूल के प्रधानाचार्य कोई अभिलेख नहीं दिखा सके। दयाराम पाठक इंटर कॉलेज रुपईडीह को एक से पांच कक्षा तक की मान्यता ही मिली है। छात्र भी पांचवीं तक के ही मिले, लेकिन नाम इंटर कॉलेज होने पर संदेह हुआ। इस पर जहां तक मान्यता है, वहीं तक कक्षाएं संचालित किए जाने के निर्देश डीआईओएस ने दिए। बाबा रामकृपाल मेमोरियल पब्लिक स्कूल बिना मान्यता के ही 12वीं तक कक्षाएं संचालित की जा रही थीं। स्कूल में 442 छात्र भी उपस्थित मिले।
निहाल नेशनल पब्लिक स्कूल सिसई जंगल कक्षा एक से पांच तक ही मान्यता है, फिलहाल पांचवीं तक ही कक्षाएं संचालित मिलीं। अनीता देवी मेमोरियल स्कूल सिसई जंगल की एक से पांच तक मान्यता है, जबकि कक्षा आठ तक कक्षाएं संचालित हो रही हैं। महाजन राजाराम सम्मयदीन इंटर कॉलेज विशनापुर में भी 12वीं तक कक्षाएं संचालित मिलीं, लेकिन कोई अभिलेख नहीं दिखा सके। मदरसा इस्लामी सरफराजिया उल्तानिया मौलागंज अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से सहायता प्राप्त है, जिसे दसवीं तक की मान्यता है। जबकि यहां भी इंटर तक की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
संस्कृत स्कूलों के संचालन में मिली लापरवाही
डीआईओएस ने संस्कृत स्कूलों का भी निरीक्षण किया, जहां पढ़ाई की स्थिति ठीक नहीं मिली। श्रीमालवीय कमलाकर संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरगूपुर में छात्रों की संख्या कम रही। प्रधानाचार्य मुनेश्वर कुमार मिश्र को चेतावनी दी। स्वामी राममिलन दास संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झालीधाम में महज पांच छात्र ही मिले, जबकि प्रधानाचार्य समेत चार शिक्षक नियुक्त हैं। प्रभारी प्रधानाचार्य सूर्यनरायन शुक्ल को छात्र उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। डीआईओएस ने बताया कि स्कूलों के संचालन में गंभीरता नहीं बरती जा रही है। इसके लिए निर्देशित किया जा रहा है।