गोंडा। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम गौरव अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को गोंडा-बढ़नी रेलखंड का संरक्षा निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे ट्रैक, स्टेशन यार्ड, पॉइंट व क्रॉसिंग, सिग्नल, कर्व और पुलों का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत सुभागपुर स्टेशन से हुई। डीआरएम ने स्टेशन यार्ड में पॉइंट व क्रॉसिंग की स्थिति और लेआउट की जांच की। इसके साथ ही सिग्नलिंग व्यवस्था को भी देखा और संरक्षा से जुड़े आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद इटियाथोक स्टेशन के अधीक्षक कार्यालय, पैनल रूम, रिले रूम और सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण किया। अधिकारियों से संरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए परिचालन के दौरान सावधानी बरतने और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। (संवाद)