गोंडा। सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा का शुक्रवार शाम तबादला कर दिया गया। उन्हें स्वास्थ्य महानिदेशालय लखनऊ में संयुक्त निदेशक पद पर तैनाती दी गई है। सिद्धार्थनगर में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. संतलाल पटेल को गोंडा का सीएमओ बनाया गया है। सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा की तैनाती वर्ष 2022 में गोंडा में हुई थी। अपने कार्यकाल के दौरान वह हमेशा चर्चा में रहीं। उन्होंने अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन अनियमितता के आरोप भी लगे। तत्कालीन मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने खरीद-फरोख्त की जांच कराने के बाद सीएमओ को लेकर शासन को रिपोर्ट भेजी थी। इस मामले की जांच शासन स्तर पर हो रही थी। वहीं, नवजात की मौत के बाद सीएमओ का एक बयान भी खूब उछला था। (संवाद)