गोंडा। समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र के फरेंदा चौराहा सोहांस की रहने वाली डॉ. अंजू वर्मा को महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव मनोनीत किया है। डॉ. अंजू ने बताया कि इससे पहले वह समाजवादी छात्रसभा में राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। नई जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया और महिलाओं के हित में संघर्ष करने की बात कही।
सपा मजदूर सभा के प्रदेश अध्यक्ष धनीलाल श्रमिक ने जिले के मिश्रौलिया गांव निवासी सोमनाथ तिवारी को संगठन का प्रदेश सचिव मनोनीत किया है। सविता श्रीवास्तव को महिला सभा का प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है। इस पर पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन, पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे, सूरज सिंह, देवेंद्र सिंह, राजेश मिश्र आदि ने बधाई दी है।