गोंडा। जिले में सोमवार को सूबे के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का दौरा कंफर्म होते स्वास्थ्य महकमा अलर्ट मोड पर आ गया। आनन-फानन में साफ-सफाई की व्यवस्था चाक चौबंद कर डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को ड्रेस कोड में नियत समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया।
सोमवार की सुबह साढ़े नौ बजे उपमुख्यमंत्री जिले में पहुंचकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद पौने ग्यारह बजे मनकापुर के आईटीआई गेस्ट हाउस में आयोजित भाजपा के जिला प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन कर कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। उपमुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन के अलावा स्वास्थ्य विभाग व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने में जुट गया है। जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल समेत सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई के साथ रंग-रोगन किया जा रहा है। जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेंद्र रावत ने चिकित्सकों, पैरामेडिकल कर्मियों के साथ नियमित, संविदा व आउटसोर्सिंग के कर्मियों को निर्देश दिया है कि नियत समय से ड्यूटी पर पूूरे ड्रेस कोड में उपस्थित रहें।
मरीजों को मिली नई चादर
जिला अस्पताल में मरीजों को हर रोज मिलने वाली पुरानी व गंदी चादर को दोपहर बाद बदलकर नई चादर दे दी गई है। टूटी व्हील चेयर को हटाकर अब अस्पताल में नई व्हील चेयर व स्टेचर आ गए। महिला अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।