गोंडा के पीएसी मैदान में जीत के बाद खुशी जतातीं महिला खिलाड़ी।
गोंडा। 30वीं वाहिनी पीएसी मैदान पर आयोजित गोरखपुर जोन की 71वीं अंतर जनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को बस्ती व मेजबान गोंडा की टीम का दबदबा रहा। दूसरे दिन पहली पाली में चार व दूसरी पाली में दो मैच खेल गए। गोंडा महिला टीम की कप्तान नेहा सिंह रहीं, जबकि पुरुष वर्ग में वेदप्रकाश की कप्तानी में मैच खेला गया।
पहली पाली का पहला मैच बस्ती व बहराइच की महिला टीम के मध्य खेला गया, जिसमें बस्ती की टीम ने 1-0 से जीत हासिल की। गोंडा व संतकबीरनगर की पुरुष टीम के बीच खेले गए दूसरे मैच में गोंडा की टीम 4-1 से विजयी रही। गोंडा व संतकबीरनगर की महिला टीम के मध्य खेले गए तीसरे मैच में गोंडा की टीम ने 2-0 से जीत हासिल की।
कुशीनगर व देवरिया की महिला टीम के बीच खेले गए चौथे मैच में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। मगर मैच के अंत तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। इससे मैच का निर्णय शूट आउट से किया गया। जिसमें कुशीनगर की टीम 3-0 से विजयी हुई। दूसरी पाली का पहला मैच बस्ती व बहराइच की पुरुष टीम के बीच खेला गया। जिसमें बस्ती की टीम ने 5-0 जीत हासिल कर अगले दौर में जगह बनाई। सिद्धार्थनगर और गोरखपुर के पुरुष टीम के मध्य खेले गए दूसरे मैच में सिद्धार्थनगर की टीम 2-0 से विजेेता रही।