फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लंबित आवेदन पर बैंक प्रबंधकों को फटकार

Fri, 19 Jun 2015 11:25 PM IST
गोंडा/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं के तहत बैंकों द्वारा आवेदकों को ऋण न उपलब्ध कराने एवं आवेदकों को बार-बार दौड़ाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए बैंक प्रबंधकों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने 15 दिन के अंदर लंबित आवेदनों को निस्तारित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लंबित आवेदनों की योजनावार आवश्यक कागजातों की चेकलिस्ट दो दिन के भीतर उपलब्ध कराने के लिए एलडीएम को निर्देश दिए हैं। ये निर्देश जिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए। डीएम ने बैंक प्रबन्धकों एवं अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सरकार बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए ही सरकार विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण उपलब्ध भी कराती है परंतु बैंको द्वारा आवेदकों को बार-बार दौड़ाया जा रहा है। इस पर अब जिम्मेदार बैंक प्रबंधकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंधक को बिना सूचना बैठक से अनुपस्थित होने पर भी गहरी नाराजगी व्यक्त की है। इस दौरान जिलाधिकारी ने ऋण जमा अनुपात, वार्षिक ऋध योजना, पीएमईजीपी, मिनी कामधेनु योजना, फार्म मशीनरी बैंक योजना, जनपद बैंकों की शाखाएं खोलने, आल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की कार्यप्रगति, राष्ट्रीय फसल बीमा योजना, वसूली प्रमाणपत्रों की समीक्षा, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना/ प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा योजना, अटल पेन्शन योजना की गहन समीक्षा की। फसल बीमा योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बैंकों द्वारा बीमा लाभ उपलब्ध कराने वाली बीमा कंपनी एचडीएफसी के अधिकारी को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि तत्काल किसानों को फसल बीमा का लाभ दिलाने के लिए जिला मुख्यालय पर जवाबदेह की नियुक्ति कर उनकी किसानों के लिए सुगम उपलब्धता सुनिश्चित कराएं। इस दौरान डीएम ने बैंकों द्वारा बीमा की प्रीमियम राशि बीमा कंपनी के खाते में स्थानांतरित न करने पर गहरा रोष प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि प्रीमियम न मिल पाने के कारण बीमा कंपनी द्वारा किसानों को फसल बीमा योजना का पूरा लाभ नहीं दिया जा रहा है। इसलिए सभी बैंक इस संबंध में तत्काल प्रभावी कार्यवाही करें। डीएम ने बीमा कंपनी के अधिकारी पीयूष कुमार सिंह व बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिए कि फसल बीमा के लिए किसानों को जागरूक किया जाय। इस अवसर पर बीमा कम्पनी के अधिकारी ने किसानों से फसल बीमा के संबंध में सीधे उनके मोबाइल नम्बर 9934012374 पर काल कर सहयोग लेने की अपील किया है। इस अवसर पर जिलाधिकारी बैंक प्रबंधकों को यह भी निर्देश दिए कि सभी बैंक लक्ष्य के अनुरूप जनपद में अपनी-अपनी शाखाएं खोलें ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग को सुविधा उपलब्ध हो सके। समीक्षा के दौरान ज्ञात हुआ कि जनपद में विभिन्न बैकों की लक्षित सौ शाखाओं के सापेक्ष मात्र 62 शाखाएं ही खेली जा सकी हैं। इस पर डीएम ने बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिए कि शीघ्र शाखाएं खुलवाने का प्रयास किया जाय। बैठक में एलडीएम अशोक कुमार पाण्डेय, आरबीआई एजीएम(क्वार्डिनेटर), ग्रामीण बैंक के आरएम, जिला प्रोजेक्ट आफीसर प्रदीप मिश्र, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, नाबार्ड के अधिकारी, लीड बैंक सेल के वीरेन्द्र प्रसाद सहित बैंकों के प्रबंधकगण व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें