गोंडा। कटरा बाजार क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले देवर भाभी को दीवान मृत्युंजय द्वारा जबरन खींचकर कटरा बाजार थाने ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें महिला अपने देवर का हाथ खींचकर उसे थाने नहीं ले जाने की दीवान से फरियाद कर रही है। महिला ने दीवान पर देवर संग जबरन खींचकर थाने ले जाकर उसके मामले में जबरन सुलह कराने का आरोप लगाया है।
महिला का आरोप है कि उसका पति आंध्र प्रदेश में रहता है। बीते पांच जुलाई की रात वह अपने दो छोटे बच्चों के साथ सो रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति शराब के नशे में उसके घर में घुस आया और उसके साथ छेड़खानी करने लगा। जब उसने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी ने उसे लाठी से पीटा और जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। इसकी सूचना उसने थाने पर दी मगर पुलिस ने एफआईआर नहीं दर्ज की। बाद में उसने सीओ करनैलगंज नवीना शुक्ला से मिलकर गुहार लगाई। सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उसे दोबारा थाने भेज दिया।
महिला का आरोप है कि पुलिस उक्त मामले में उसकी एफआईआर दर्ज करने के बजाय शनिवार को थाना दिवस में सुलह समझौता कराने का प्रयास करने लगी, जिससे वह सहमत नहीं हुई। अपने देवर रामकुमार के साथ थाने से बाहर आ गई। आरोप है कि तब थाने का दीवान मृत्युंजय ने रामकुमार के साथ ही उसे भी खींचकर थाने के अंदर ले जाकर जबरन सुलह करा दी।
थानाध्यक्ष करुणाकर पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कोई पुराना भूमि विवाद था। दोनों पक्षों को बुलाकर सुलह करा दी गई। जबरन सुलह कराने का आरोप निराधार है। सीओ नवीना शुक्ला का कहना है कि जांच में पता चला है कि महिला भूमि विवाद को लेकर छेड़खानी का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग कर रही थी।