गोंडा। दीपपर्व को लेकर लोगों में गजब का उत्साह है। घर आंगन से लेकर प्रतिष्ठान तक बिजली की झालरों की रोशनी से नहाए हैं। दीपावली त्योहार को लेकर रविवार को बाजार में भारी भीड़ रही। सुबह से शाम तक ग्राहकों से बाजार गुलजार रहे। वहीं खील, लइया, चूरा गट्टा, गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमा, पूजन सामग्री, मिठाई, सजावट का सामान खूब बिका। मिठाई की दुकान पर देरशाम तक ग्राहकों की लाइन लगी रही। सोमवार को दीपावली पर जहां रोशनी से घर आंगन जगमगाएंगे, वहीं सिद्घि विनायक व मां लक्ष्मी पूजन की तैयारी है।
रविवार की सुबह से बाजार खुल गए थे। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के ग्राहकों की भारी भीड़ पहुंचने लगी थी। बाजार में ग्राहकों की भीड़ देखकर दुकानदारों के चेहरे पर रौनक नजर आई। इस बार दो दिन धनतेरस का पर्व मनाया गया। शनिवार व रविवार को धनतेरस पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। मिट्टी के दीये, झालरें, मोमबत्ती, फूल माला, किराना, मिठाई आदि दुकानों पर लोग सुबह से लेकर शाम तक खरीदारी करते रहे। इलेक्ट्रानिक्स बाजार में झालरें ही ज्यादा बिकीं। 50 रुपये से लेकर दो हजार रुपये तक की झालरों की बिक्री खूब हुई। वहीं ब्रांडेड और डिजाइनर मोमबत्तियों की भी धूम रही। 10 रुपये से लेकर 150 रुपये तक के मोमबत्ती के पैकेट सबसे अधिक बिके।
मनाई छोटी दिवाली
रविवार शाम के वक्त घरों में छोटी दिवाली पर पूजा अर्चना की गई। दीपावली पर सरकारी भवनों समेत प्रतिष्ठानों को झालरों की रोशनी से सजाया गया है। छपिया के स्वामी नारायण मंदिर रंगी बिरंगी झालरों की रोशनी से जगमगा रहा है।
दोगुनी कीमत पर फूल माला की हुई बिक्री
दीपावली को लेकर फूलों की बिक्री कई गुना बढ़ जाती है। फूल विक्रेता रामकुमार ने बताया कि गेंदा व गुलाब के फूलों की मांग कई गुना बढ़ गई है। गेंदा का फूल मंडी में ही काफी महंगा आ रहा है। आम दिनों में 10 रुपये में बिकने वाली माला 20-20 रुपये में बेची गई। दुकानदारों का कहना है कि फूल व माला की बिक्री ज्यादा होती है। इसलिए कीमत में उछाल है।
चमक उठा पटाखा बाजार
शहर में शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज मैदान में पटाखा की दुकानें सजाई गई हैं। यहां पूरे दिन लोगों ने जमकर खरीदारी की। इसी तरह ग्रामीण बाजारों में भी पटाखा की बिक्री हुई। प्रशासन ने लोगों को अस्थाई लाइसेंस जारी किया। रविवार को पूरे दिन यहां भीड़ उमड़ी रही। बच्चों के लिए पेंसिल आतिशबाजी, चरखी, पॉपपॉप और फुलझड़ी की डिमांड रही। वहीं, किशोर और युवाओं ने रॉकेट, सुतली बम, मल्टीकलर शॉट की जमकर खरीदारी की।
डेढ़ सौ करोड़ पहुंचा कारोबार
धनतेरस का पर्व दो दिन मनाया गया। जिससे बाजारों में दोनों दिन खरीदारों की भीड़ उमड़ी। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नगर अध्यक्ष आदित्य पाल ने बताया कि दो दिन में 150 करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन खरीद के चलते छोटे व्यापारियों पर असर पड़ रहा है।
गोंडा के छपिया में सजाया गया स्वामी नारायण मंदिर। -संवाद- फोटो : GONDA