फोटो-2-गोंडा के बालपुर में राशन वितरण की जानकारी लेते डीएसओ। -संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत अंत्योदय और पात्र गृहस्थी के कार्डधारकों को खाद्यान्न का वितरण किया जाना है। इस बार अनाज राशन कार्ड धारकों को मुफ्त नहीं दिया जाएगा। बता दें कि अनाज पाने के लिए कार्डधारकों को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ा। इधर, डीएसओ का का दावा है कि उठान की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। शुक्रवार से पूरे जिले में अनाज का वितरण शुरू कराया जाएगा।
जिले में करीब छह लाख कार्डधारक हैं। इनमें 65 हजार अंत्योदय शेष पात्र गृहस्थी के हैं। मगर कई कोटेदारों को खाद्यान्न नहीं मिल पाया था। ऐसे में कार्डधारकों को लौटना पड़ा। कोटेदार भी राशन न आने की बात कहकर अपना पीछा छुड़ा रहे थे।
अब विभाग ने उठान की प्रक्रिया पूरी करने का दावा किया है। कोटेदारों को खाद्यान्न वितरण के निर्देश दिए गए हैं। गेहूं, चावल के साथ ही, नमक, तेतल व चना भी कार्डधारकों को दिया जाएगा। डीएसओ ने बताया कि गेहूं, चावल का रुपया कार्डधारकों को देना होगा, जबकि नमक, तेल व चना मुफ्त में वितरित होगा। अधिकांश ब्लॉकों में सिंगल स्टेज व्यवस्था के तहत कोटेदारों तक अनाज पहुंचाया जा रहा है। गुरुवार तक सभी कोटेदारों की दुकान पर खाद्यान्न पहुंचाया जा चुका है।
उठान और वितरण की बढ़ी तिथि
जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय का कहना है कि शासन ने उठान और वितरण की तिथि बढ़ा दी है। अनाज उठान की प्रक्रिया जिले में पूरी की जा चुकी है। 34 प्रतिशत कार्डधारकों को राशन का वितरण कर दिया गया है। शुक्रवार से पुन: अनाज का वितरण कराया जाएगा। पूर्ति निरीक्षकों को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। किसी भी कार्डधारक को मात्रा से कम खाद्यान्न दिया गया तो कार्रवाई की जाएगी।