गोंडा। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार शाम जिलाधिकारी नेहा शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें जिले की 388 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी बनाने का निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान ग्राम पंचायतों में पीएमएस के माध्यम से हो रहे भुगतान, स्वच्छ सर्वेक्षण, बायोगैस, डेस्कटॉप सत्यापन, प्लास्टिक कचरे के निपटान की व्यवस्था, ग्रे जल का सुरक्षित प्रबंधन, नालियों से प्रभावी निर्वहन, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करने का अभ्यास आदि के संबंध में समीक्षा की गई। डीपीआरओ लालजी दूबे ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) योजना की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांवों में साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए। सीडीओ अंकिता जैन, जिला विकास अधिकारी सुशील श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। (संवाद)