गोंडा के देहात कोतवाली का निरीक्षण करते एसपी अंकित मित्तल। - स्रोत: पुलिस मीडिया सेल
गोंडा। एसपी अंकित मित्तल ने मंगलवार को देहात कोतवाली का निरीक्षण किया। खामियां मिलने पर दरोगा व दीवान को कड़ी फटकार लगाते हुए विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी। एसपी ने देहात कोतवाली के निरीक्षण के दौरान दीवान गिरजेश गिरि से सवाल किया कि दो माह में कितनी एनसीआर दर्ज हुई है? इस पर दीवान जवाब नहीं दे सका। जबकि एनसीआर दर्ज करने की जिम्मेदारी उसी की है। एसपी ने दीवान को सुधार की चेतावनी दी है। हालांकि बाद में उसने चिक देखने के बाद एसपी को बताया कि दो माह में कुल 208 एनसीआर दर्ज हुई है।
देहात कोतवाली के ठाकुरापुर के बीट दरोगा सुभाष यादव के पास एक दर्जन से अधिक विवेचनाएं लंबित मिलने पर एसपी ने उन्हें भी कड़ी फटकार लगाई। एसपी ने दरोगा को जल्द से जल्द लंबित विवेचनाओं का निस्तारण न करने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है। इसके बाद एसपी ने सीसीटीवी फुटेज देखकर पुलिसकर्मियों की गतिविधियों की जानकारी ली। साइबर क्राइम का कार्य देख रहे दीवान प्रवीण पांडेय ने एसपी को अब तक साइबर क्राइम के मुकदमों के निस्तारण की जानकारी दी। इस दौरान कोतवाली देहात का प्रभार देख रहे वरिष्ठ उपनिरीक्षक बब्बन सिंह, पीआरओ अंकुर वर्मा समेत कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।