गोंडा। शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी की तलाश में दिल्ली पुलिस ने रविवार देर रात कटरा बाजार के देवापसिया गांव में दबिश दी। पुलिस टीम आरोपी को गिरफ्तार कर दिल्ली ले गई है।
कटरा बाजार के कोतवाल संजय गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र के देवापसिया गांव निवासी विजय तिवारी के खिलाफ 08 जुलाई 2024 को उत्तरी दिल्ली के नरैला थाना औद्योगिक क्षेत्र में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। विजय पर दिल्ली के इसी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने का भी आरोप है। कोतवाल के मुताबिक विजय की तलाश में नरैला थाना औद्योगिक क्षेत्र के एसआई कमलेश राम व कॉन्स्टेबल जितेंद्र की टीम गोंडा पहुंची थी। कटरा बाजार और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात दबिश देकर विजय को उसके घर से दबोच लिया। पुलिस टीम आरोपी को लेकर दिल्ली रवाना हो गई है।