गोंडा। नगर पंचायत खरगूपुर के कटहरिया उत्तरी मोहल्ले के रहने वाले एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव इटियाथोक-खरगूपुर मार्ग पर शनिदेव मंदिर के समीप तालाब में उतराता मिला है। तालाब में युवक का शव मिलने की सूचना पर मंगलवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची। युवक की पैंट की जेब से एक सिम मिला। पुलिस ने सिम मोबाइल में लगाकर उसमें मिले नंबरों पर कॉल की तो एक नंबर युवक के पिता हनुमान प्रसाद पांडेय का निकला। पुलिस ने मृतक का हुलिया बताया तो वह भागकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान अपने बेटे विवेक पांडेय के रूप में की। बताया कि विवेक अक्सर लखनऊ जाता था। रविवार को भी वह लखनऊ जाने के लिए घर से निकला था। प्रभारी निरीक्षक दुर्गविजय सिंह ने बताया कि फॉरेंसिक विशेषज्ञ ने भी जांच की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर छानबीन की जाएगी।